जब अस्पताल ने दे दिया 7 लाख का बिल तो भर्ती पति की खोपड़ी का टुकड़ा लेकर थाने पहुंची महिला, मचा हड़कंप, आप भी जानिये क्या है पूरा मामला..

0
124

03 सितंबर 2019, बिलासपुर। अस्पताल में भर्ती घायल पति के खोपड़ी का टुकड़ा लेकर महिला सिटी कोतवाली थाने पहुंची तो हड़कंप मच गया। उसका आरोप है कि गांधी चौक के पास एक निजी अस्पताल में उसका एक माह से इलाज चल रहा है। डॉक्टर ने 72 घंटे में ठीक करने का भरोसा दिलाया था। पर पति की हालत में अभी तक कोई सुधार नहीं हुआ है। उल्टा अस्पताल ने 7 लाख रुपए का बिल थमा दिया है। डॉक्टर लगातार पैसा मांग रहे हैं। वह दूसरे जगह इलाज कराना चाहती है पर अस्पताल प्रबंधन ने उसके बीमार पति को बंधक बना लिया है।

कोतवाली थाने पहुंची महिला व परिजन ने बताया कि मेऊभाठा निवासी संजय कुर्रे बीते 27 जुलाई को कोरबा रोड में हादसे में घायल हो गया था। इससे उसके सिर पर गंभीर चोट आई थी। इस पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे गांधी चौक स्थित रामकृष्ण अस्पताल में भर्ती कराया गया। परिजन ने बताया कि डॉक्टर ने उसके सिर पर ब्लड जमने की जानकारी दी।

सिटी कोतवाली थाने के बाहर हाथ में पति की खोपड़ी का टुकड़ा दिखाती शिव कुमारी।

इसके लिए उसका सीटी स्केन कराया गया। इसके बाद उसके सिर का ऑपरेशन किया गया। ऑपरेशन के दौरान उसके सिर की हड्डी को निकालकर सुरक्षित रखने कहा गया। इस बीच अस्पताल प्रबंधन ने मरीज के परिजन को सात लाख रुपये का बिल थमाया।

भारी भरकम बिल देखकर परिजन सकते में आ गए। इस पर परिजन मामले की शिकायत लेकर कोतवाली थाना पहुंच गए। उनका आरोप है कि बीते एक माह से अस्पताल में इलाज चल रहा है। फिर भी अब तक कोई सुधार नहीं हुआ है। वहीं, डॉक्टर अब बिल जमा करने के लिए दबाव डाल रहे हैं।

उनके आरोपों को सुनकर पुलिस ने अस्पताल प्रबंधन से जानकारी ली, तब पता चला कि युवक के सिर पर गंभीर चोट आई थी। उसके परिजन को सब बताकर ऑपरेशन किया गया है। पूरी प्रक्रिया उनकी सहमति से की गई है और बकायदा हस्ताक्षर कराया गया है। अब बिल न देना पड़े इसलिए मरीज के परिजन झूठा आरोप लगा रहे हैं। अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस को उपचार से संबंधित सभी दस्तावेज भी पेश करने की बात कही है।