केंद्रीय राज्यमंत्री रेणुका सिंह ने सीएम बघेल को लिखा पत्र, सेवारत आरक्षकों का भत्ता बढ़ाने की मांग की

0
63


रायपुर : केंद्रीय राज्यमंत्री रेणुका सिंह ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को पत्र लिखकर सेवारत पुलिस आरक्षकों का वेतन भत्ता 1900 से बढ़ाकर 2800 रुपए करने की मांग की है। इसके साथ ही कांकेर सांसद मोहन मंडावी ने भी वेतन ग्रेड बढ़ाने की बात कही है।

केंद्रीय राज्यमंत्री ने पत्र में लिखा कि हर परिस्थितियों में पुलिस अपनी जान जोखिम में डालकर तैनात रहती है। कोविड-19 में दी गई सेवाएं इसका उदाहरण है। सिपाही 12 से 18 घंटे अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इनका वेतन और भत्ता बढ़ाने की मांग लंबे अरसे से की जा रही है। आधारभूत सुविधाएं भी नहीं मिलने से इनका परिवार प्रभावित हो रहा है।

सिपाहियों की भूमिका महत्वपूर्ण
कांकेर सांसद मोहन मंडावी ने भी सिपाहियों के वेतन वृद्धि के मामले में मुख्यमंत्री बघेल को चिट्ठी लिखी। इसमें कहा गया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने में सिपाहियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। कड़ी ड्यूटी देने के बावजूद मिलने वाला वेतन ग्रेड बेहद कम है। इनके पारिवारिक, सामजिक और आर्थिक स्थिति को विशेष रूप से देखने की जरूरत है।

पुलिसकर्मियों के खुदकुशी के मामले बढ़े
पुलिस कांस्टेबलों के वेतन ग्रेड बढ़ाए जाने को नारायणपुर से कांग्रेस विधायक चंदन कश्यप भी समर्थन दे चुके हैं। पिछले दिनों मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में उन्होंने कहा था, दूसरा व्यवसाय भी पुलिसकर्मी नहीं कर सकते। मांगों के लिए प्रदर्शन की अनुमति भी नहीं है। ऐसे में वह अवसाद ग्रस्त होते जा रहे हैं। उनके आत्महत्या के बढ़ते मामले यह बताते हैं।