सरगुजा की राजमाता देवेंद्र कुमारी सिंह देव की तेरहवीं कल… CM भूपेश, पूर्व मुख्यमंत्री के साथ दिग्गज होंगे शामिल… 12वें दिन विधि विधान से हुआ सपिंडन श्राद्ध…

0
100

अंबिकापुर 22 फरवरी, 2020। अविभाजित मध्यप्रदेश की पूर्व मंत्री व छत्तीसगढ़ के कैबिनेट मंत्री टीएस सिंहदेव की मां देवेंद्र कुमारी सिंहदेव के तेरहवीं कार्यक्रम में आमजनों के साथ ही राजनेताओं की भी भारी भीड़ उमड़ेगी। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह के अलावा कई मंत्री, राजनैतिक दलों से जुड़े लोग श्रद्घांजलि अर्पित करने अंबिकापुर आ रहे हैं। मुख्यमंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री के अलावा दिग्गज राजनेताओं के प्रवास को देखते हुए पुलिस ने भी पार्किंग स्थल का निर्धारण किया है। कई मार्गों में आवागमन प्रतिबंधित रहेगा ताकि किसी प्रकार की कोई दिक्कत न आए।

राजमाता स्व. राजमाता देवेन्द्र कुमारी सिंह देव जी के निधन के 12वें दिन आज श्री राधा वल्लभ मन्दिर स्थित गौशाला की पावन भूमि में क्रियाविधिनुसार उनका सपिण्डन श्राद्ध किया। वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ रघुनाथ पैलेस में गौरी – गणेश की पूजा व हवन कर भोज संपन्न करवाया। इस अवसर पर अनुज अरुणेश्वर शरण सिंह देव, भतीजे आदित्येश्वर शरण सिंह देव व परिवार के सभी जन उपस्थित रहे।

सरगुजा राजमाता देवेंद्र कुमारी सिंहदेव का तेरहवीं कार्यक्रम शनिवार को है। राजपरिवार की परंपरानुरूप तेरहवीं कार्यक्रम संपन्न होगा। सरगुजा पैलेस प्रांगण में चंदनपान व ब्रह्मभोज का आयोजन किया गया है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश मंत्री मंडल के सदस्य, देश के विभिन्न राज्यों के वीआईपी, वीवीआईपी का प्रवास अंबिकापुर में हो रहा है। सरगुजा संभाग के गांव-गांव से लोग तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आ रहे हैं। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल स्टेट प्लेन से दोपहर पौने चार बजे दरिमा हवाई अड्डा पहुंचेंगे। शाम चार बजे वे अंबिकापुर आएंगे। एक घंटे वे मंत्री सिंहदेव के यहां कार्यक्रम में शामिल होने के बाद शाम सवा पांच बजे स्टेट प्लेन से ही रायपुर के लिए रवाना हो जाएंगे। पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह दुर्ग ट्रेन से सुबह ही अंबिकापुर पहुंच जाएंगे। दिन भर उनका शहर में व्यस्त कार्यक्रम है। इनके अलावा बड़ी संख्या में वीआइपी व वीवीआइपी तथा आमजनता के प्रवास के मद्देनजर एसपी आशुतोष सिंह द्वारा यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से संचालन के लिए पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित कराई गई है।

वीवीआइपी व वीआइपी पार्किंग कोठीघर परिसर में निर्धारित किया गया है। आमजनता के लिए पुराना आरटीओ कार्यालय, पुराना बस स्टैंड, रिलाइंस पेट्रोल पंप के पास, रामानुज क्लब, अस्तबल व श्याम डायग्नोस्टिक के सामने पार्किंग व्यवस्था निर्धारित की गई है। शहर में उमड़ने वाली भीड़ के मद्देनजर रायगढ़ रोड में दरिमा मोड़, बिलासपुर रोड में सांड़बार बैरियर, मनेंद्रगढ़ रोड में अजिरमा बैरियर, बनारस रोड में एफसीआई गोदाम चठिरमा, रामानुजगंज रोड में शंकरघाट खनिज बैरियर तथा प्रतापपुर रोड में गोधनपुर फारेस्ट नाका के पास भारी व मालवाहक वाहन प्रवेश नहीं करेंगे। भारी वाहनों को प्रतिबंधित किया गया है।