किसानों का ख्याल रखती है भूपेश सरकार…इसलिए प्रदेश में 14 जल परियोजना के लिए जारी किया फंड…दुर्ग, राजनांदगांव समेत कई जिलों के किसानों को मिलेगा सिंचाई के लिए पानी..

0
96

28 अगस्त 2019, रायपुर। राज्य की विभिन्न जिलों में चौदह जल परियोजनाओं के निर्माण और मरम्मत कार्य के लिए 30 करोड़ 52 लाख 61 हजार रूपए की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है। योजनाओं के निर्माण एवं मरम्मत से कुल 2810 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। जल संसाधन विभाग मंत्रालय द्वारा जारी आदेशानुसार कबीरधाम जिले के विकासखण्ड सहसपुर लोहारा की कर्रानाला बैराज के अमलीडीह वितरक से वीरान-नवागांव-कोयलारीखार नहर निर्माण के लिए 28 लाख 76 हजार रूपए की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है। योजना के निर्माण से कोयलारी जलाशय से 142 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई हो सकेगी। गरियाबंद जिले के विकासखण्ड देवभोग की धूपकोट जलाशय मुख्य नहर का जीर्णोद्धार कार्य के लिए दो करोड़ 99 लाख 96 हजार रूपए स्वीकृत किए गए है। कार्य के पूर्णतः के बाद 341 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई प्रस्तावित है।

राजनांदगांव जिले के विकासखण्ड डोंगरगढ़ की मनकी जलाशय के सात शाखा नहर के लाईनिंग कार्य के लिए दो करोड़ 87 लाख 91 हजार रूपए की स्वीकृति दी गई है। लाईनिंग के बाद 187 हेक्टेयर अतिरिक्त क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। विकासखण्ड राजनांदगांव की भोथीपार जलाशय के मरम्मत कार्य के लिए एक करोड़ 21 लाख 17 हजार रूपए की स्वीकृति दी गई है। योजना के पूरा होने से 140 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा मिल सकेगी। दुर्ग जिले के विकासखण्ड दुर्ग की तिरगा एनीकट में पिचिंग कार्य के लिए दो करोड़ 28 लाख पांच हजार रूपए स्वीकृत किए गए है। विकासखण्ड पाटन के सिकोला व्यपवर्तन योजना के मरम्मत के लिए एक करोड़ 41 लाख दो हजार रूपए स्वीकृत किए गए है। योजना से 67.40 हेक्टेयर अतिरिक्त क्षेत्र में सिंचाई प्रस्तावित है। पाटन विकासखण्ड के ही तादुला परियोजना नहर के पतोरा माईनर के जीर्णोद्धार के दो करोड़ 81 लाख 85 हजार रूपए स्वीकृत किए गए है। कार्य के पूरा होने के पश्चात 358.14 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा प्रस्तावित है। जांजगीर-चांपा जिले के विकासखण्ड पामगढ़ के हसदेव बांगो परियोजना की शिवरीनारायण वितरक नहर में टो-वाल निर्माण के लिए एक करोड़ 78 लाख 82 हजार रूपए की स्वीकृति जारी की गई है। योजना के पूरा होने से 87 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। रायपुर जिले के विकासखण्ड आरंग-तिल्दा की महानदी मुख्य नहर के लाईनिंग कार्य के लिए दो करोड़ 99 लाख 48 हजार रूपए स्वीकृत किए गए है। कार्य के पूर्णतः के बाद 162.74 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा मिल सकेगी।

बिलासपुर जिले के तखतपुर विकासखण्ड स्थित केकरार जलाशय में जल भराव के लिए फीडर नहर निर्माण के लिए दो करोड़ तीन लाख 15 हजार रूपए की स्वीकृति जारी की गई है। कार्य पूरा होने के पश्चात 445 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा प्रस्तातिव है। कोण्डागांव जिले के विकासखण्ड केशकाल की निराछिन्दरी जलाशय में विभिन्न निर्माण कार्यो के लिए एक करोड़ 80 लाख 67 हजार रूपए की स्वीकृति दी गई है। योजना से 243 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई प्रस्तावित है।

बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के विकासखण्ड सिमगा की चंदेरी व्यपवर्तन योजना में नहरों के जीर्णोद्धार कार्य के लिए दो करोड़ 16 लाख 48 हजार रूपए की स्वीकृति जारी की गई है। कार्य के पूरा होने के पश्चात 91 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा मिल सकेगी। बस्तर जिले के विकासखण्ड बकावंड के आसना उद्वहन सिंचाई योजना के मरम्मत कार्य के लिए एक करोड़ नौ लाख 86 हजार रूपए स्वीकृत किए गए है। योजना से 219 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई प्रस्तावित है। विकासखण्ड बकावंड के मालामुण्डा जलाशय मरम्मत कार्य के लिए एक करोड़ 77 लाख 10 हजार रूपए स्वीकृत किया गया है। योजना के पूरा होने से 168 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा मिल सकेगी। बेमेतरा जिले के विकासखण्ड बेमेतरा के मरजातपुर तालाब नहर मरम्मत कार्य के लिए दो करोड़ 98 लाख 33 हजार रूपए की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है। कार्य पूरा होने के उपरांत 158 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।