हॉकी में बेहतरीन उपलब्धियों के लिए महालेखाकार ने किया मृणाल चौबे का सम्मान, हाल के टूर्नामेंट में रहा है सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन..

0
145

28 अगस्त 2019, रायपुर। अंतर्राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मृणाल चौबे की खेलों में उपलब्धियों को लेकर महालेखाकार (लेखापरीक्षक) दिनेश रायभानजी पाटिल (आई.ए.ए.एस)ने उन्हें सम्मानित किया है। हाल‌ में संपन्न हॉकी प्रतियोगिता में कैग की टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए मृणाल ने टीम को गोल्ड मेडल जीताने सहित बेस्ट गोलकीपर और मैन ऑफ द मैच जैसे सम्मान हासिल किए हैं। उनके इसी प्रदर्शन को देखते हुए महालेखाकार ने सम्मानित किया है।

प्रदेश के अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मृणाल चौबे को छत्तीसगढ़ के महालेखाकार (लेखापरीक्षक) दिनेश रायभानजी पाटिल (आई.ए.ए.एस) ने खेल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए सम्मानित किया। दरअसल हाल ही में हॉकी इंडिया राष्ट्रीय प्रतियोगिता में गोल्ड मैडल जीतने तथा भारत के नियंत्रक एवं महालेखाकार टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए प्रतिष्ठित केडी सिंह बाबू अखिल भारतीय हॉकी प्रतियोगिता लखनऊ में ब्रॉन्ज़ मैडल के साथ बेस्ट गोलकीपर का खिताब मृणाल‌ ने अपने नाम किया था।

मृणाल ने देश के शीर्ष सुरजीत हॉकी प्रतियोगिता जालंधर में मैन ऑफ द मैच भी अपने नाम किया है। प्रदेश स्तर में भी मृणाल ने बेस्ट गोलकीपर का खिताब अपने नाम किया है।

महालेखाकार ने कहा कि मृणाल प्रदेश तथा हमारे कार्यालय के गौरव है। उनकी इस उपलब्धि पर वरिष्ठ उप महालेखाकार इति शुक्ला एवं उप महालेखाकार प्रियाती कौडो ने भी अपनी शुभकामनाएं दी तथा उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मृणाल राज्य अलंकरण गुण्डाधुर सम्मान, खेल अलंकरण शहीद राजीव पांडेय, शहीद कौशल यादव से सम्मानित है एवं प्रदेश के उत्कृष्ट खिलाड़ी घोषित है।