राज्य स्तरीय मिड लाइन आकलन की समय-सारिणी जारी..सभी DEO को दिशा निर्देश जारी.. फार्मेटिव-2 आकलन 10 से तो समेटिव-2 आकलन 23 मार्च से शुरू..

0
133

रायपुर, 01 फरवरी 2020। राज्य स्तरीय आकलन शिक्षा सत्र 2019-20 मिड लाइन के लिए कक्षा पहली से 8वीं तक की समय-सारिणी घोषित कर दी गई है। घोषित समय-सारिणी अनुसार फार्मेटिव-2 आकलन 10 फरवरी से 15 फरवरी तक और समेटिव-2 आकलन 23 मार्च से 28 मार्च तक किया जाएगा। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद के संचालक पी. दयानंद ने राज्य स्तरीय मिड लाइन आकलन सम्पन्न कराने के लिए सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी करते हुए राज्य स्तरीय आकलन निर्धारित अवधि में अनिवार्यतः सम्पन्न कराने को कहा है।

राज्य स्तरीय आकलन सत्र 2019-20 मिड लाइन के लिए जिला शिक्षा अधिकारियों से कहा गया है कि फार्मेटिव-2 के लिए सुझावात्मक गतिविधियां टीम्स-टी और टेबलेट के टीम्स एप पर तथा राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद की वेबसाइट scert.cg.gov.in पर उपलब्ध हैं। फार्मेटिव-2 (एफए-2) कक्षा पहली से 8वीं तक 15 फरवरी तक अनिवार्य रूप से सम्पन्न कराने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला शिक्षा अधिकारियों से कहा गया है कि सावधिक-2 (पीए-2) कक्षा पहली और दूसरी में विद्यालयीन समय में 10 से 15 फरवरी के मध्य टीम्स-टी अथवा टेबलेट के टीम्स एप के माध्यम से सम्पन्न करवाएं। कक्षा तीसरी से 8वीं तक के प्रश्न पत्र पासवर्ड प्रोटेक्टेड पीडीएफ फाइल के रूप में टीम्स-टी एप और टेबलेट के टीम्स एप पर 3 दिन पूर्व उपलब्ध होंगे, इसे पहले से ही डाउनलोड करके रखा जाए। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद की वेबसाइट में प्रश्न पत्र एक दिन पूर्व उपलब्ध होंगे। जिला शिक्षा अधिकारियों को यह ध्यान रखने कहा गया है कि प्रश्न पत्रों के पासवर्ड एक दिन पूर्व टीम्स-टी एप और टेबलेट के टीम्स एप पर उपलब्ध होंगे। पासवर्ड हेल्पलाइन नम्बर 1800 121 8128 के माध्यम से भी उपलब्ध कराए जाएंगे। यह भी निर्देशित किया गया है कि परीक्षावधि में शासन द्वारा यदि कोई अवकाश अथवा स्थानीय घोषित किया जाता है तो परीक्षाएं निर्धारित तिथियों में ही कार्यक्रम अनुसार यथावत सम्पन्न होगी। यह परीक्षाएं कक्षा पहली से 8वीं के लिए निर्धारित पाठ्यक्रम अनुसार होगी।

समय-सारिणी

फार्मेटिव-2 (एफए-2) कक्षा पहली से 8वीं के लिए 15 फरवरी तक सुविधानुसार सम्पन्न कराई जानी है।

सावधिक-2 (पीए-2 एप आधारित आकलन) कक्षा पहली और दूसरी के लिए 10 फरवरी से 15 फरवरी तक विद्यालयीन समय में किन्हीं भी तिथियों में सुविधा अनुसार सभी विषयों में टीम्स-टी एप अथवा टेबलेट में टीम्स एप के माध्यम से आकलन किया जाए।

कक्षा तीसरी से 5वीं के लिए सुबह 10.30 बजे से दोपहर 11.30 बजे तक एक घंटे आकलन होगी। समय-सारिणी के अनुसार विषय हिन्दी 10 फरवरी को, अंग्रेजी 11 फरवरी को, गणित 12 फरवरी को और पर्यावरण विषय का आकलन 13 फरवरी को होगा।

इसी प्रकार कक्षा 6वीं से 8वीं के लिए सुबह 10.30 बजे से दोपहर 11.30 बजे तक एक घंटे आकलन होगा। समय-सारिणी के अनुसार विषय हिन्दी 10 फरवरी को, अंग्रेजी 11 फरवरी को, गणित 12 फरवरी को, विज्ञान 13 फरवरी को, संस्कृत या उर्दू 14 फरवरी को और सामाजिक विज्ञान विषय का आकलन 15 फरवरी को किया जाना है।

समेटिव-2 आकलन 23 मार्च से 28 मार्च तक

समेटिव-2 (एसए-2) के लिए निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार कक्षा पहली और दूसरी का आकलन 23 मार्च से 25 मार्च तक सुबह 10.30 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक दो घंटे होगा। हिन्दी विषय 23 मार्च, अंग्रेजी 24 मार्च और गणित विषय का आकलन 25 मार्च को किया जाएगा। कक्षा तीसरी 5वीं के लिए आकलन 23 मार्च से 26 मार्च तक सुबह 10.30 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक दो घंटे होगा। हिन्दी विषय 23 मार्च, अंग्रेजी 24 मार्च, गणित 25 मार्च और पर्यावरण विषय का आकलन 26 मार्च को होगा।

इसी प्रकार कक्षा 6वीं से 8वीं के लिए समय-सारिणी अनुसार 23 मार्च से 28 मार्च तक सुबह 10.30 बजे से दोपहर एक बजे तक कुल ढाई घंटे आकलन किया जाएगा। विषय हिन्दी 23 मार्च, अंग्रेजी 24 मार्च, गणित 25 मार्च, विज्ञान 26 मार्च, संस्कृत या उर्दू 27 मार्च और सामाजिक विज्ञान विषय का आकलन 28 मार्च को किया जाएगा।