जज्बे को सलाम: रायपुर के चित्रसेन साहू ने की ऑस्ट्रेलिया के कोजिअस्को पर्वत फतह.. साहू समाज के युवा कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप साहू ने किया सेल्यूट… बोले- छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात…

0
449

रायपुर 2 मार्च, 2020। ऑस्ट्रेलिया की सबसे ऊंची चोटी ‘माउंट कोज़िअस्को’ (Mount Koziasco) को रायपुर के चित्रसेन साहू ने फतह कर लिया है। छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है कि दोनों पैर नहीं होने के बावजूद पर्वतारोही चित्रसेन साहू ने इस 2228 मीटर ऊंची चोटी पर चढ़ाई की। साहू समाज के युवा कार्यकारिणी राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप साहू ने चित्रसेन को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अपने साहसिक कार्य से न केवल प्रदेश और देश का नाम विश्व-स्तर पर रोशन किया बल्कि छत्तीसगढ़ प्रदेश को प्रतिनिधित्व करते हुए दुनिया को साहसिक परिचय दिया है। उन्होंने आगे कहा कि एक दुखद रेल हादसे में अपने दोनों पैर खो चुके भाई चित्रसेन साहू ने कुछ ही घंटे पहले ऑस्ट्रेलिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट कोजीअस्को पर तिरंगा फहराकर भारत-और छत्तीसगढ़-को गौरवान्वित किया है।

उल्लेखनीय है कि रायपुर के 27 साल के चित्रसेन साहू ने सितंबर 2019 में अफ्रीका महाद्वीप के पहाड़ किलिमंजारो की 5685 मीटर ऊंची चोटी गिलमंस पर तिरंगा लहराया था। उन्होंने 23 सितंबर दोपहर 2 बजे चोटी पर फतह हासिल की थी। प्रोस्थेटिक पैर और बुलंद हौसलों के दम पर 144 घंटे चढ़ाई के बाद उन्होंने 5685 मीटर ऊंची चोटी गिलमंस फतह की थी।

बता दें हाउसिंग बोर्ड के सिविल इंजीनियर चित्रसेन ट्रेन हादसे में दोनों पैर गंवा चुके हैं। उन्होंने प्रोस्थेटिक लेग के दम पर ये चढ़ाई की। ये पहाड़ चढ़ने वाले वे देश के पहले दिव्यांग हैं।
ट्रेन हादसे में अपने दाेनाें पैर गंवा चुके शहर के 27 साल के चित्रसेन साहू ने अफ्रीका महाद्वीप के सबसे ऊंचे पहाड़ किलिमंजारो पर तिरंगा लहराया और अब ऑस्ट्रेलिया के कोजिअस्को माउंट फतेह की।

चित्रसेन डबल लेग एंप्युटी यानी दोनों पैर के बिना किलिमंजारो और कोजिअस्को पर तिरंगा लहराने वाले देश के पहले माउंटेनियर बन गए हैं। छत्तीसगढ़ शासन और मोर रायपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के ब्रांड एम्बेसडर चित्रसेन ने किलिमंजारो की चोटी से छत्तीसगढ़ को प्लास्टिक फ्री राज्य बनाने का संदेश भी दिया। उन्होंने माउंट एवरेस्ट फतह करने वाले राज्य के इकलौते माउंटेनियर राहुल गुप्ता के मार्गदर्शन में ये सफर तय किया।