Photos: सेना के जवानों ने दिखाया दम, घुटनों तक जमी बर्फ में प्रेग्नेंट महिला को कंधों पर उठा पहुंचाया अस्पताल…

0
99

नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर (Jammu and Kashmir) में भारतीय सेना (Indian Army) के जवानों को भारी बर्फबारी और ठंड के बीच भी अपने कर्तव्य का पालन करना पड़ता है। इसके अलावा जरूरत पड़ने पर उन्हें स्थानीय लोगों की मदद भी करते देखा जाता है। ऐसा ही एक वाकया तब सामने आया जब भारतीय सेना के जवानों ने दर्द से तड़प रही एक गर्भवती महिला को घुटनों तक जमी बर्फ में कंधों पर उठाकर अस्पताल पहुंचाया। सेना के जवानों के इस जज्बे को देख पूरा देश उनको सलाम कर रहा है। महिला को अस्पताल ले जाते जवानों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं।

भारतीय सेना के जवानों ने फिर जीता दिल
इस समय जम्मू और कश्मीर समेत भारत के पहाड़ी इलाकों में भारी बर्फबारी हो रही है, कुछ स्थान पर तो पारा माइनस (-) में पहुंच गया है। इस मुश्किल समय में भी भारतीय सेना के जवान देश सेवा के साथ-साथ जनता की सेवा करने में भी लगे हुए हैं। आपको बता दें कि ताजा बर्फबारी से कश्मीर में 2 फीट से ज्यादा बर्फ जम गई है। कई जगहों पर ये 4 फीट तक बर्फ की मोटी चादर जम गई है। ऐसे में सेना के जवान स्थानीय लोगों की मदद कर रहे हैं।

दर्द से तड़प रही थी महिला
कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के करालपुरा इलाके में दर्द से तड़प रही गर्भवती महिला को अस्पताल पहुंचाकर जवानों ने इंसानीयत की नई मिसाल पेश की है। दरअसल, महिला गर्भवती थी और उसका लेबर पेन शुरू हो गया था। भारी बर्फबारी की वजह से महिला के घर तक वाहन नहीं आ सकता था ऐसे में सेना के जवान मदद के लिए आगे आए। सेना के जवानों ने एक गर्भवती महिला को खाट पर रखकर कंधे पर उठाया और लगभग 2 किलोमीटर तक घुटने भर बर्फ में पैदल चलकर सड़क तक ले आए।

मेडिकल स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे जवान
भारतीय सेना ने खुद अपने आधिकारिक ट्वीटर हैंडल से महिला को कंधों पर ले जा रहे जवानों की तस्वीर शेयर की है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक करालपुरा इलाके के फरकियां गांव के मंजूर अहमद शेख ने सेना को बताया कि वह सामुदायिक स्वास्थ्य सेवा वाहन या स्थानीय परिवहन तक पहुंचने में असमर्थ हैं। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए सेना के जवान मेडिकल स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घुटने तक बर्फ से पटी पड़ी सड़क पर 2 किमी तक महिला को कंधों पर उठाकर मुख्य सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद महिला को वाहन से करालपुरा अस्पताल ले जाया गया।

महिला ने दिया स्वस्थ बच्चे को जन्म
सेना ने अस्पताल को महिला की स्थिति के बारे में पहले ही सूचित कर दिया था, जहां पहुंचने के बाद तुरंत उसका उपचार शुरू कर दिया गया। बताया जा रहा है कि महिला ने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया है और वह भी स्वस्थ है। बता दें कि महिला को स्ट्रेचर पर ले जाते सेना के जवानों का एक वीडियो रक्षा मंत्रालय के ट्विटर पर पोस्ट किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक कश्मीर में भारी बर्फबारी के कारण केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के एक उप-निरीक्षक और एक महिला की मौत हो गई थी, बर्फबारी के कारण मकानों के ढहने की एक घटना भी कैमरे में कैद हुई थी।