धान खरीद: भाजपा का प्रतिनिधिमंडल पहुंचा राजभवन.. केशकाल में किसानों पर लाठीचार्ज होने की दी जानकारी.. धान खरीदी मुद्दे पर श्वेत पत्र जारी करने की मांग.

0
103

रायपुर। धान खरीदी को लेकर प्रदेश की सियासत गर्म है। विपक्ष में बैठी भाजपा धान खरीदी को लेकर सरकार को लगातार घेर रही है। किसानों की समस्या को लेकर आज पूर्व सीएम रमन सिंह की अगुवाई में भारतीय जनता पार्टी के नेता राज्यपाल से मिलने पहुंचे तथा उन्हे समस्या से अवगत कराया। इस दौरान बीजेपी नेताओं ने भूपेश सरकार पर जमकर निशाना साधा।

भाजपा का प्रतिनिधिमंडल पहुंचा राजभवन

केशकाल में किसानों पर हुए लाठीचार्ज का विरोध जताने बीजेपी का प्रतिनिधिमंडल राजभवन पहुंचा। पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने बताया कि किसानों की समस्या से राज्यपाल को अवगत कराया गया है। उन्होंने कहा कि कोरिया से लेकर बस्तर के किसान परेशान हैं। किसान केंद्रों के बाहर रतजगा कर रहे हैं। लेकिन सरकार किसानों का धान नहीं खरीद रही है। केशकाल में किसानों पर लाठी बरसाई गई, कई किसान घायल हुए हैं। लेकिन छत्तीसगढ़ में कोई ऐसा व्यक्ति नहीं है जो किसानों की समस्या को दूर करे। डॉ. रमन सिंह ने कहा कि प्रदेश के किसान परेशान हैं और सीएम, मुख्य सचिव अमरीका दौरे पर हैं। यहां जो अधिकारी है वो किसानों से दुर्व्यहार कर रहे हैं। सरकार की गलत नीतियों से किसान धान नहीं बेच पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमने राज्यपाल से 15 दिनों के लिए धान खरीदी बढ़ाने की मांग की है। बीजेपी ने धान खरीदी के मुद्दे पर श्वेत पत्र जारी करने की मांग भी की है।

प्रतिनिधिमंडल में पूर्व मुख्यमंत्री डॉक्टर रमन सिंह, राष्ट्रीय महामंत्री सरोज पाण्डेय, सांसद रामविचार नेताम, प्रदेश अध्यक्ष विक्रम उसेंडी, सांसद संतोष पाण्डेय, सांसद सुनील सोनी, पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, केदार कश्यप, लता उसेंडी, संदीप शर्मा, पूनम चंद्राकर समेत तमाम नेता मौजूद रहे।