92 साल के हुए लालकृष्ण आडवाणी, PM मोदी ने घर जाकर दी बधाई.. कहा- आपने भारत को सशक्त बनाया..

0
94

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी के 92वें जन्मदिन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें बधाई देते हुए उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। इस मौके पर उनके साथ केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा भी मौजूद थे।

प्रधानमंत्री मोदी ने बीजेपी नेता लालकृष्ण आडवाणी से मुलाकात से पहले ट्वीट कर कहा, ”विद्वान, राजनेता और सम्मानित नेताओं में से एक लालकृष्ण आडवाणी का भारत को सशक्त बनाने की दिशा में अहम योगदान रहा है। उनके जन्मदिन पर मैं आडवाणी जी का सम्मान करते हुए उनके लंबे और स्वस्थ जीवन की प्रार्थना करता हूं”।

  • उनके साथ भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा भी मौजूद थे।
  • उप राष्ट्रपति वैंकेया नायडू ने भी आडवाणी से मुलाकात कर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
  • बता दें कि लालकृष्ण आडवाणी ने ही अयोध्या आंदोलन की शुरुआत की थी, जिसके बाद भारत की राजनीति पूरी तरह से बदल गई थी और उसे एक नई दिशा मिली थी।
  • आडवाणी हमेशा पार्टी के भीतर ‘लौह पुरुष’ के तौर पर पहचाने जाते रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी को फर्श से अर्श तक पहुंचाने में एल के आडवाणी की काफी बड़ी भूमिका रही है।

देश की राजनीति को एक नई दिशा देने वाले भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी का जन्म अविभाजित भारत के सिंध प्रांत में 8 नवंबर 1927 को हुआ था। देश के विभाजन के बाद उनका परिवार मुंबई आ गया था। यहीं उन्होंने कानून की डिग्री हासिल की थी।

बता दें कि जब आडवाणी महज 14 साल की उम्र के थे तभी से उनका खिंचाव संघ की तरफ हो गया था और वह संघ से जुड़ गए थे।

इसके बाद वह श्यामा प्रसाद मुखर्जी द्वारा स्थापित जनसंघ से जु़ड़ गए। बाद में जनता पार्टी और भाजपा के अस्तित्व में आने के बाद वह बीजेपी की मुख्यधारा के नेता बन गए।

50 साल राजनीति की मुख्य धारा में रहे

राम मंदिर आंदोलन को लेकर भले ही आडवाणी की मुख्य तौर पर पहचान हो लेकिन वह हमेशा से भाजपा के शीर्ष नेताओं में से रहे हैं। अटल बिहारी बाजपेयी के साथ के बाद दोनों भाजपा की राजनीति में नंबर वन और नंबर दो की राजनीति करते रहे। एनडीए शासन काल में जिस वक्त अटल बिहारी वाजपेयी प्रधानमंत्री थे उस वक्त लाल कृष्ण आडवाणी को उप प्रधानमंत्री बनाया गया था।