नहीं रहे शेरों के शेर राजा महेंद्र बहादुर सिंह.. 7 बार विधायक समेत रहे 2 बार मंत्री.. राज्यसभा भी गए… निधन पर शोक की लहर…

0
234

फिंगेश्वर/गरियाबंद। जनता के दिलों में राज करने वाले फिंगेश्वर रियासत के राजा महेंद्र बहादुर अब इस दुनिया में नहीं रहे, सोमवार रात 11:30 बजे रायपुर के रामकृष्ण अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। किसी समय में शेर को भी मात देने वाले दिलेर राजा कोरोना से जंग हार गए। 95 वर्षीय राजा महेंद्र बहादुर फिंगेश्वर रियासत के राजा थे।

ट्रस्टी राकेश तिवारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार राजा महेंद्र बहादुर पिछले कई दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। 21 अक्टूबर को उनका कोरोना जांच किया गया, जिसमें उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। उन्हें रायपुर के रामकृष्ण अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां बीती रात (सोमवार, 26.10.2020)11:30 बजे उन्होंने अंतिम सांसें लीं।

राजा महेंद्र बहादुर का राजनीतिक सफर काफी लंबा रहा। वह सात बार विधायक, दो बार मंत्री और एक बार राज्यसभा सदस्य रहे हैं, इसके अलावा जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष भी रहे। छत्तीसगढ़ के प्रथम प्रोटेम स्पीकर होने का गौरव भी उन्हें प्राप्त है।

जानकारी के मुताबिक फिंगेश्वर उनका नानीहाल है, रानी श्यामा कुमारी देवी उनकी नानी थीं। उन्होंने ही सरायपाली से बुलाकर राजा महेंद्र बहादुर को फिंगेश्वर रियासत की गद्दी सौंपी, तब से राजा महेंद्र बहादुर फिंगेश्वर रियासत के राजा थे। 31 दिसंबर 1925 को जन्मे राजा महेंद्र बहादुर केवल एक राजा या एक राजनीतिज्ञ नहीं थे बल्कि रियासत के लोगों के दिलों पर राज करने वाले राजा रहे हैं, जनता की मदद के लिए उनके खजाने के दरवाजे हमेशा खुले रहे, यही कारण है कि जब भी वह अपनी रियासत में जाते थे तो जनता उन्हें देखने और मिलने उमड़ पड़ते थी। फिंगेश्वर का शाही दशहरा इसका जीता जागता प्रमाण है, लोगों का यह लगाव निरंतर उनके साथ जुड़ा रहा।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, स्पीकर डॉ.चरणदास महंत ने वरिष्ठ नेता महेन्द्र बहादुर सिंह के निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित की है। 2016 में स्वर्गीय महेंद्र बहादुर सिंह ने कांग्रेस छोड़ कर जोगी कांग्रेस प्रवेश की चर्चा भी खूब हुई थी। इस पर उन्होंने कहा था कि जोगी कांग्रेस में शामिल होने की घोषणा ना उन्होंने की और ना ही अजीत जोगी ने की इसलिए वे शुरू से आखिरी तक कांग्रेस के साथ रहे हैं और आगे भी रहेंगे, उन्होंने कहा कि वे कांग्रेस के शुरू से ही कर्मठ नेता हैं और आगे भी कांग्रेस में रहेंगे। प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह आज उनका पार्थिव शरीर सरायपाली ले जाया जाएगा जहां पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।