सरगुजा वासियों के लिए खुशखबरी.. अब एयर कूल्ड बस से सीधे पहुंचेगे दिल्ली और कोलकाता.. बस सेवा शुरु..

0
201

अंबिकापुर। सरगुजा अंचल के लोगों के लिए खुशखबरी है। देश की राजधानी जाने वाले वालों को भले ही रेल या फ्लाई जाने की सुविधा न मिली हो लेकिन अब सरगुजा क्षेत्र के लोगों को एयर कूल्ड बस की सुविधा मिलेगी। महज 20 घंटे में आप सरगुजा से दिल्ली पहुंच जाएंगे। दिल्ली के अलावा कोलकाता के लिए भी अंबिकापुर से बस सेवा की शुरुआत की गई है। अब दिल्ली व कोलकाता आने-जाने वाले लोगों को यहां से निकलने के बाद बीच रास्ते में किसी दूसरी ट्रेन का सहारा लेने की आवश्यकता भी नहीं पड़ेगी।

  • रेल व यात्री सुविधाओं के मामले में उपेक्षित सरगुजा के लोग वर्षों से अंबिकापुर से नई दिल्ली तक के लिए सीधी ट्रेन चलाने की मांग कर रहे हैं।
  • हर बार लोकसभा के चुनाव में अंबिकापुर से नई दिल्ली के अलावा अंबिकापुर से झारखंड के बरवाडीह रेल लाइन का मुद्दा उठता है।
  • रेल सुविधाओं में बढ़ोतरी की मांग को लेकर सरगुजा क्षेत्र में कई बार आंदोलन हुए लेकिन आश्वासन के सिवाय कुछ भी नहीं मिला।
  • सरगुजा क्षेत्र सर्वदलीय रेल संघर्ष समिति द्वारा भी समय-समय पर जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर रेल और यात्री सुविधाओं में बढ़ोतरी की मांग की जा चुकी है।
  • सरगुजा का प्रतिनिधिमंडल नई दिल्ली जाकर केंद्रीय मंत्रियों से भी मुलाकात कर चुका है।
  • सरगुजा क्षेत्र की जरूरत व आम जनों की मांग को देखते हुए छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ समाजवादी नेता रिफतउल्ला खान द्वारा एयर कूल्ड बसों का संचालन नई दिल्ली और कोलकाता के लिए किया गया है।
  • यह बसें प्रतिदिन दिल्ली व कोलकाता के लिए आना-जाना करेंगे। दूरी अधिक होने के कारण यात्रियों की सुविधाओं का भी पूरा ख्याल रखा गया है।
  • मार्ग में समय पर भोजन और नाश्ते के लिए स्टॉपेज भी निर्धारित है, इन्हीं स्टॉपेज पर यात्रियों को थोड़ी देर ठहरने का भी मौका मिलेगा।

20 घण्टे में पूरा होगा सफर

अंबिकापुर से नई दिल्ली तक का सफर यात्री लगभग 20 घंटे में पूरा करेंगे जबकि कोलकाता तक की यात्रा 15 घंटे में पूरी होगी। अंबिकापुर से दिल्ली की दूरी सड़क मार्ग से 1100 किलोमीटर और कोलकाता की दूरी 730 किलोमीटर है। एयर कूल्ड अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस बस सेवा आरंभ करने से पहले सबसे नजदीकी रूट का निर्धारण कर बस परिचालन सेवा आरंभ की गई है।

झारखण्ड, उत्तर प्रदेश के लोगों को राहत

अंबिकापुर से नई दिल्ली तथा कोलकाता के लिए आरंभ की गई बस सेवा में स्लीपर और सीटिंग अरेंजमेंट है। दिल्ली तक की यात्रा में स्लीपर सुविधा 2000 रुपये में और सीट में यात्रा का किराया 18 सौ रुपए निर्धारित है।

वहीं कोलकाता का सफर यात्री क्रमशः 1400 रुपए और 1200 रुपए में कर सकेंगे। यह सुविधा आरंभ हो जाने से उत्तर प्रदेश के लोगों को भी सुविधा मिलेगी। कोलकाता जाने वाली बस झारखंड के रास्ते पश्चिम बंगाल में घुसेगी ।बीच में कई बड़े शहर पड़ेंगे जहां के लोग सरगुजा में निवास करते हैं।

कुल पांच बसों का परिचालन

अंबिकापुर से कोलकाता तक की यात्रा में रांची के पास यात्रियों के लिए भोजन की व्यवस्था होगी। वहां से धनबाद, आसनसोल होते हुए बस कोलकाता पहुंचेगी। वहीं दिल्ली रूट में इलाहाबाद के नजदीक हंडिया नामक स्थल पर बस का स्टॉपेज निर्धारित किया गया है। यह बस आगरा होते हुए नई दिल्ली जाएगी। नई दिल्ली तक आवागमन के लिए तीन और कोलकाता तक के लिए दो बसों का परिचालन शुरू किया गया है।