कंडेल से आज शुरु होगी ‘गांधी विचार यात्रा’.. बापू के विचारों को जन-जन तक पहुंचाएंगे.. CM भूपेश समेत सरकार के मंत्री-विधायक होंगे शामिल..

0
69

रायपुर। महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के अवसर पर छत्तीसगढ़ में गांधी विचार यात्रा शुरु की जा रही है। इसकी शुरुआत आज धमतरी के पास ग्राम कंडेल से होगी। जिसके बाद यात्रा 10 अक्टूबर को रायपुर के गांधी मैदान पर इसका समापन होगा। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम समेत सरकार के सभी मंत्री, सभी कांग्रेस विधायक, पार्टी संगठन व मोर्चा संगठनों से जुड़े लोग इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।

कंडेल से यात्रा इसलिए

गांधी विचार यात्रा कंडेल गांव से शुरू करने की वजह ये है कि इस गांव में 1920 में कंडेल सत्याग्रह किया गया था। उस दौरान छोटेलाल श्रीवास्तव ने अंग्रेजों के खिलाफ नहर सत्याग्रह शुरू किया था। इस आंदोलन में महात्मा गांधी शामिल हुए थे।

यही कारण है कि गांधी जी की 150वीं जयंती पर राज्य की कांग्रेस सरकार ने यह आयोजन किया है। गांधी जी का छत्तीसगढ़ में जिन स्थानों पर आगमन हुआ, उनमें कंडेल भी प्रमुख है। ये आंदोलन इसलिए किया गया था कि उस दौरान कंडेल के किसानों पर पानी चोरी के आरोप में अंग्रेजों ने जुर्माना किया था। इसका ही विरोध किया गया था।

तत्कालीन नेता पं. सुदंरलाल शर्मा ने इस आंदोलन में शरीक होने के लिए महात्मा गांधी को आमंत्रित किया था। उन्होंने जब आने के लिए मंजूरी दी, तो सुंदरलाल शर्मा महात्मा गांधी को कोलकाता से यहां लेकर आए थे।

शामिल होंगे सीएम, प्रदेश अध्यक्ष व सभी मंत्री, कांग्रेस विधायक

  • कंडेल से 4 तारीख को शुरू होने वाली यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री भूपेश बघेल व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम यात्रा में शामिल होंगे।
  • सरकार के सभी मंत्रियों, सभी कांग्रेस विधायकों, कांग्रेस संगठन के सभी पदाधिकारियों, मोर्चा संगठन के पदाधिकारियों को कार्यक्रम में शामिल होने कहा गया है।
  • प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महामंत्री गिरीश देवांगन ने बताया कि मुख्यमंत्री 4 तारीख को यात्रा की शुरुआत में शामिल होंगे।
  • इसके बाद वे 6 तारीख को यात्रा के अगले पड़ाव में हिस्सा लेंगे। इसके बाद 10 अक्टूबर को रायपुर में यात्रा के समापन कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।

यात्रा के दौरान होंगी सभाएं

  • बताया गया है कि यात्रा के दौरान कंडेल से लेकर रायपुर के बीच बड़े गांवों में सभाएं भी ली जाएंगी।
  • कंडेल से यात्रा शुरू होने के बाद ग्राम छाती में पहली सभा होगी। मुख्यमंत्री भी सभा को संबोधित करेंगे।
  • इसके बाद यात्रा जैसे-जैसे आगे बढ़ेगी, रास्ते के बड़े गांवों में सभाएं भी होती रहेंगी।
  • इस दौरान पंचायती राज, ग्राम स्वराज, कुटीर उद्योग, गोपालन जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी।
  • प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम 4 अक्टूबर से 10 अक्टूबर तक कंडेल से गांधी मैदान रायपुर तक की पदयात्रा में हिस्सा लेंगे।
  • 10 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे गांधी मैदान रायपुर में गांधी विचार पदयात्रा के समापन समारोह में हिस्सा लेंगे।
  • 4 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे गांधी ग्राम कंडेल जिला धमतरी में गांधीजी की मूर्ति का अनावरण, शुभारंभ सभा, गोठान निरीक्षण, शाम 4 बजे गागरा में शहीद संतोष नेताम के माल्यार्पण कार्यक्रम, शाम 6 बजे छाती में सभा में प्रदेश अध्यक्ष शामिल होंगे।