अरुणाचल से गायब हुए पांच युवक चीन की सीमा में, केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने दी जानकारी….

0
83

नई दिल्ली : चार दिन पहले अरुणाचल से गायब हुए 5 युवक चीन की सीमा में हैं। केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने मंगलवार को इस बात की जानकारी दी। उन्होंने रविवार को ट्वीट कर बताया था कि चीनी सैनिकों को हॉटलाइन पर मैसेज भेजकर गायब युवकों के बारे में जानकारी मांगी गई है। इसके बाद मंगलवार को चीनी सेना ने इस बारे में भारत सरकार को जानकारी दी है।

चीन की सेना ने इस बात की पुष्टि की है कि अरुणाचल के ये युवक उनकी सीमा में मिले हैं। इन युवकों को वापस लाने के लिए चीनी पक्ष से बातचीत और प्रक्रिया शुरू हो गई है।अगवा किए गए सभी पांच लड़के तागिन समुदाय के है। एरिंग के दावे के मुताबिक, चीनी सैनिकों ने नाछो क्षेत्र के जंगल से इन्हें उठाया गया था। यह क्षेत्र सुबानसिरी जिले में आता है।

मैकमोहन लाइन पर सामान ढोने का काम करते थे
रिपोर्ट्स के मुताबिक, गायब हुए युवकों के परिजनों ने बताया था कि ये लोग मैकमोहन लाइन की पेट्रोलिंग कर रहे जवानों (लॉन्ग रेंज रिकॉन्सन्स पेट्रोल यानी LRRPs) के लिए जरूरी सामान ढोने का काम कर रहे थे। पोर्टर्स के तौर पर इन्हें निगरानी दल में शामिल किया गया था। इनकी उम्र 18 से 20 साल के बीच थी। परिजनों ने आशंका जाहिर की थी कि हो सकता है कि ये युवक पहाड़ी में पारंपरिक जड़ी-बूटियां ढूंढने के दौरान निगरानी दल से अलग होकर भटक गए हों।

कांग्रेस विधायक निनॉन्ग एरिंग ने दी थी जानकारी
5 सितंबर को अरुणाचल के कांग्रेस विधायक निनॉन्ग एरिंग ने ट्विटर पर चीनी सेना द्वारा 5 लोगों के अगवा किए जाने का दावा किया था। उन्होंने लड़कों के नाम टोक सिंग्काम, प्रसात रिंगलिंग, दोंग्तु इबिया, तानु बेकर और नागरू दिरि बताए थे। एरिंग ने कहा था कि चीन के सैनिकों ने नाछो कस्बे में रहने वाले पांच लड़कों को अगवा किया है। उन्होंने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से अपील की थी कि पांचों लड़कों की सुरक्षित वापसी होनी चाहिए।