मिनी माता सम्मान 2019 के लिए 5 अक्टूबर तक जमा कर सकेंगे प्रविष्टियां.. उससे पहले पढ़ ले ये नियम…

0
117

रायपुर, 24 सितम्बर 2019। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा प्रतिवर्ष दिए जाने वाले ‘मिनी माता सम्मान (महिला उत्थान) वर्ष 2019‘ के लिए 5 अक्टूबर 2019 तक प्रविष्टियां आमंत्रित की गई हैं। योग्य उम्मीदवार महिला एवं बाल विकास विभाग के संबंधित जिला कार्यालय में सीलबन्द लिफाफे में प्रविष्टियां जमा कर सकते हैं। लिफाफे के ऊपर स्पष्ट रूप से ’’मिनी माता सम्मान (महिला उत्थान)’’ वर्ष 2019 अंकित होना चाहिए। निर्धारित तिथि के पश्चात् प्राप्त प्रविष्टियों पर विचार नहीं किया जाएगा।

  • उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ शासन द्वारा महिलाओं, विशेष रूप से अनुसूचित जाति, जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक महिलाओं के उत्थान के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाली राज्य की महिला, अशासकीय संस्थाओं को प्रतिवर्ष ’’मिनी माता सम्मान (महिला उत्थान)’’ प्रदान किया जाता है।
  • इसके तहत एक महिला या संस्था को दो लाख रूपए की राशि तथा प्रशस्ति पट्टिका सम्मान के रूप में प्रदान की जाती है।
  • यह सम्मान किसी भी महिला या संस्था को केवल एक बार ही प्रदान किया जाता है।
  • विगत वर्ष में निर्धारित मापदण्ड़ों की पूर्ति करने वाली ऐसी महिलाएं या संस्थाएं जिन्हें यह सम्मान विगत वर्ष प्राप्त नहीं हुआ है, इस वर्ष पुनः प्रविष्टियां प्रस्तुत कर सकेगी।
  • शासकीय संस्थाएं, अर्द्धशासकीय संस्थाएं, शासकीय सेवक इस सम्मान के लिए पात्र नहीं होंगे।
  • प्रविष्टियों के साथ महिला या संस्था का पूर्ण परिचय, महिलाओं के उत्थान के लिए किए गए सेवा कार्यों की सप्रमाण विस्तृत जानकारी।
  • उपलब्धियां के वास्तविक तथ्यों पर आधारित होने संबंधी प्रमाण पत्र, यदि कोई अन्य पुरस्कार प्राप्त किया हो तो उसका विवरण, उत्कृष्ठ सेवा कार्य के संबंध में कोई प्रतिवेदन प्रकाशित हुआ हो तो उसका विवरण एवं प्रकाशित प्रतिवेदन की छायाप्रतियां, महिलाओं के उत्थान के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के संबंध में प्रख्यात पत्र-पत्रिकाओं तथा संस्थाओं द्वारा की गई टिप्पणियों की छायाप्रतियां तथा सत्य प्रतिलिपियां और अन्य आवश्यक सुसंगत दस्तावेज संलग्न होना चाहिए।
  • चयन होने की स्थिति में पुरस्कार प्राप्ति के संबंध में आवेदक की लिखित सहमति भी आवश्यक होगी।