Delhi Election Results 2020 Live: रुझानों में 57 पर आप आगे, 13 सीटों पर भाजपा.. शाहिन बाग वाली ओखला सीट पर भाजपा आगे.. जश्न में डूबे आप के कार्यकर्ता.. जानिए चुनाव नतीजों से जुड़ा हर अपडेट…

0
80

नई दिल्ली 11 फरवरी, 2020। निर्वाचन आयोग के ताजा रुझान के मुताबिक 70 निर्वाचन क्षेत्रों के प्राप्त रुझान के अनुसार आप 57 और भाजपा 13 सीटों पर आगे है। वहीं उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया पटपड़गंज सीट पर पीछे चल रहे हैं। सीएए के विरोध प्रदर्शन का केंद्र बने शाहीन बाग वाली ओखला सीट पर भी आम आदमी पार्टी के अमानतुल्लाह खान पीछे चल रहे हैं। रुझानों के बाद भाजपा और कांग्रेस ने अपनी हार भी स्वीकार कर ली है। वहीं आम आदमी पार्टी के दफ्तर में जश्न का माहौल है।

जानिए चुनाव नतीजों से जुड़ा हर अपडेट…

आप-57, भाजपा-13 सीटों पर आगे, कांग्रेस-0

शुरुआती रुझानों में 21 सीटों पर बढ़त बनाने वाली भाजपा घटकर 13 सीटों पर आ गई है। वहीं आम आदमी पार्टी 57 सीटों पर निर्णायक बढ़त बनाए हुए है।

इस्तीफे की पेशकश करेंगे दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा ने कहा कि मैं हार की जिम्मेदारी लेता हूं। केजरीवाल केवल विज्ञापनों की वजह से जीते। बता दें कि पिछले विधानसभा चुनाव की तरह इस बार भी कांग्रेस का दिल्ली में खाता नहीं खुल सका है।

प्रशांत किशोर का ट्वीट- भारत की आत्मा बचाने के लिए धन्यवाद

चुनावी रणनीतिकार और पूर्व जेडीयू नेता प्रशांत किशोर ने दिल्ली में आप के बढ़त पर ट्वीट करते हुए भाजपा पर परोक्ष रूप से निशाना साधा है। उन्होंने लिखा कि भारत की आत्मा बचाने के लिए धन्यवाद।

शाहीन बाग वाली ओखला सीट पर भाजपा आगे

सीएए के विरोध प्रदर्शन का केंद्र बने शाहीन बाग वाली ओखला सीट पर आम आदमी पार्टी के अमानतुल्लाह खान और भाजपा के ब्रह्म सिंह में कांटे की टक्कर चल रही है। अमानतुल्लाह खान 1633 वोटों से पीछे चल रहे हैं।

कालकाजी सीट से आतिशी केवल छह मतों से आगे

कालकाजी सीट से आतिशी केवल छह मतों से आगे हैं। दूसरे नंबर पर भाजपा के धर्मवीर सिंह हैं।

कांग्रेस को कुल चार फीसदी मत, किसी भी सीट पर बढ़त नहीं

अभी तक के मतगणना के अनुसार कांग्रेस को चार फीसदी मत मिले हैं। कुल 97666 मत कांग्रेस के खाते में आए हैं।

13 सीटों पर सिमटी भाजपा, कई बड़े नेता प्रतिद्वंदियों से पिछड़े

चुनाव आयोग के आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक भाजपा सिर्फ 13 विधानसभा सीटों पर आगे चल रही है। वहीं पार्टी के तमाम दिग्गज नेता पीछे चल रहे हैं। विजेंद्र गुप्ता, आशीष सूद, कपिल मिश्रा, तेंजिदर बग्गा, शिखा राय और आरपी सिहं अपने प्रतिद्वंदियों से पीछे हैं।

आप 57, भाजपा 13 सीटों पर आगे

चुनाव आयोग के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार आप 57 वहीं भाजपा 13 सीटों पर आगे है। कांग्रेस का पिछले चुनाव की तरह इस बार भी खाता नहीं खुल रहा है।

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल 6399 मतों से आगे

नई दिल्ली विधानसभा सीट से मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल 6399 मतों से आगे हैं। इन्होंने पिछली बार 31583 मतों से जीत हासिल की थी। वहीं कांग्रेस की अलका लांबा चांदनी चौक निर्वाचन क्षेत्र से आप के प्रह्लाद सिंह साहनी से 12,263 मतों से पीछे चल रही हैं।

ak_021120114247.jpg

दिल्ली में सांप्रदायिक एजेंडे की पराजय हुई: अधीर रंजन

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अधीर रंजन चौधरी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए मतगणना में आम आदमी पार्टी की बढ़त को विकास के एजेंडे की जीत करार देते हुए मंगलवार को दावा किया कि भाजपा के सांप्रदायिक एजेंडे की हार हो गयी है। लोकसभा में कांग्रेस के नेता चौधरी ने संसद परिसर में संवाददाताओं से कहा कि यह चुनाव द्विदलीय हो गया। शायद यही वजह रही कि कांग्रेस को उम्मीद के मुताबिक वोट नहीं मिले। उन्होंने कहा कि दिल्ली में विकास के एजेंडे की जीत हुई है। सांप्रदायिक एजेंडे की पराजय हुई है।

भाजपा को अब जहरीली राजनीति से बाज़ आना चाहिए: राजद नेता मनोज झा

राजद नेता मनोज झा ने कहा कि इस नतीजे का एक बड़ा संदेश है कि भाजपा को अब जहरीली राजनीति से बाज़ आना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस नतीजे का संदेश बिहार और दूसरे राज्यों में भी जाएगा।