युवक की हत्या कर सड़क पर फेंका शव.. अबतक युवक की नहीं हो पायी पहचान.. नक्सली वारदात की आशंका..

0
75

बीजापुर 13 जनवरी, 2020। गंगालूर इलाके में एक युवक की हत्या कर उसका शव सड़क पर फेंक दिया गया है। सोमवार सुबह ग्रामीणों ने शव देखा तो पुलिस को सूचना दी। युवक के शव के हाथ-पैर टॉवल से बंधे हुए हैं और मुंह पर कपड़ा बंधा है। आशंका है कि रविवार देर रात नक्सलियों ने हत्या कर शव को फेंका है। युवक की धारदार हथियार से वार कर हत्या की गई है। अभी तक युवक की शिनाख्त नहीं हो पायी है। वारदात गंगालूर थाना क्षेत्र की है। इस घटना की पुष्टि एसपी दिव्यांग पटेल ने की है।

नक्सली वारदात की आशंका से क्षेत्र में सर्चिंग जारी

  • जानकारी के मुताबिक, गंगालूर थाना क्षेत्र के बददेपारा-पुसनार मार्ग पर सोमवार को एक युवक का शव पड़ा हुआ था। उसके हाथ और पैर बंधे हुए थे और मुंह को भी कपड़े से बांधा गया था। स्थानीय ग्रामीण सुबह निकले तो उन्होंने सड़क पर पड़ा हुआ शव देखा।
  • इस पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अस्पताल भिजवा दिया है। आशंका जताई जा रही है कि नक्सलियों ने युवक की हत्या करने के बाद शव को वहां फेंका होगा। इसकी आशंका के चलते जवान लगातार इलाके की सर्चिंग कर रहे हैं।

पंचायत चुनाव के विरोध में नक्सली लगातार कर रहे हैं वारदात

  • प्रदेश में होने वाले त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव का नक्सली लगातार विरोध कर रहे हैं। इसको लेकर जहां उन्होंने पहले बैनर और पोस्टर लगाए अब वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। इससे पहले भी गुरुवार को नक्सलियों ने बीजापुर में 10 गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया था।
  • शुक्रवार को सुकमा-बीजापुर की सीमा पर भी नक्सलियों ने जवानों पर फायरिंग कर दी थी, जिसमें डीआरजी के दो जवान घायल हो गए थे। लगातार ऐसी वारदातों को अंजाम देकर नक्सली दहशत फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।