ICC World Cup 2019: रोहित शर्मा ने रचा इतिहास, एक वर्ल्ड कप में पांच शतक लगाने वाले बने पहले बल्लेबाज, तोड़ा कुमार संगकारा का रिकॉर्ड..

0
120

06 जुलाई 2019, लीड्स। भारत के रोहित शर्मा ने शनिवार को लीड्स में क्रिकेट वर्ल्ड कप में श्रीलंका के खिलाफ मैच में इतिहास रच दिया। रोहित शर्मा ने श्रीलंका के खिलाफ शतक लगाया। यह उनका इस वर्ल्ड कप में पांचवां शतक है और वे एक वर्ल्ड कप में पांच शतक लगाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए।

https://twitter.com/cricketworldcup/status/1147533645281988609

रोहित ने शनिवार को श्रीलंका के कसून रजिथा की गेंद पर चौका लगाकर शतक पूरा किया। वे 92 गेंदों में 14 चौकों और 2 छक्कों की मदद से शतक तक पहुंचे। इसी के साथ रोहित ने श्रीलंका टीम के खिलाफ श्रीलंका के ही महान खिलाड़ी कुमार संगकारा का रिकॉर्ड तोड़ा। संगकारा ने 2015 वर्ल्ड कप में चार शतक लगाए थे। संगकारा ने उस वर्ल्ड कप में एक ऐसा रिकॉर्ड बनाया था जो शायद ही कभी टूट पाए, उन्होंने लगातार चार मैचों में शतक लगाए थे। उन्होंने बांग्लादेश, इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया और स्कॉटलैंड के खिलाफ ये शतक लगाए थे।

रोहित ने इस वर्ल्ड कप में शतक लगाने का सिलसिला भारत के पहले मैच में ही शुरू कर दिया था। उन्होंने साउथम्पटन में द. अफ्रीका के खिलाफ नाबाद 122 रन बनाए थे। उन्होंने दूसरा शतक परंपरागत प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ लगाया था जब उन्होंने 140 रनों की पारी खेली। रोहित ने इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ 102 और बांग्लादेश के खिलाफ 104 रन बनाते हुए संगकारा के रिकॉर्ड की बराबरी की थी।

रोहित इसी मैच के दौरान बांग्लादेश के शाकिब अल हसन (606) को पीछे छोड़ इस वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने। वे वर्ल्ड कप इतिहास में एक संस्करण में 600 से ज्यादा रन बनाने वाले चौथे बल्लेबाज बने। उनसे पहले यह कारनामा सचिन तेंडुलकर (673 रन – 2003 वर्ल्ड कप), मैथ्यू हेडन (659 रन) और शाकिब (606) कर चुके हैं।

रोहित के इस वर्ल्ड कप में पांच शतक

122* वि. दक्षिण अफ्रीका (साउथम्पटन – 5 जून 2019)
140 वि. पाकिस्तान (मैनेचेस्टर – 16 जून 2019)
102 वि. इंग्लैंड (बर्मिंघम – 30 जून 2019)
104 वि. बांग्लादेश (बर्मिंघम – 2 जुलाई 2019)
103 वि. श्रीलंका (लीड्स – 6 जुलाई 2019)

कुमार संगकारा के 2015 वर्ल्ड कप में चार शतक

  • 105* वि. बांग्लादेश (मेलबर्न – 26 फरवरी 2015)
  • 117* वि. इंग्लैंड (वेलिंगटन – 1 मार्च 2015)
  • 104 वि. ऑस्ट्रेलिया (सिडनी – 8 मार्च 2015)
  • 124 वि. स्कॉटलैंड (हॉबर्ट)

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here