खौफनाक: उन्नाव गैंगरेप पीड़िता को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाया.. जमानत पर छूटे थे रेप के आरोपी..

0
74

उन्नाव।। उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में एक गैंगरेप पीड़िता को गुरुवार (5 दिसंबर) सुबह जिंदा जलाने का मामला सामने आया है। उसे गंभीर हालत में लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर में एडमिट कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। वहीं, मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।

बता दें कि फरवरी 2018 में उन्नाव जिले में एक महिला के साथ गैंगरेप हुआ था। इस घटना के सभी आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था।

फिलहाल सभी आरोपी जमानत पर हैं। गुरुवार सुबह पीड़िता को किसी ने जिंदा जला दिया। फिलहाल आरोपियों के बारे में कोई सुराग नहीं मिला है। वहीं, पीड़िता को गंभीर हालत में लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया है।

पीड़िता के मुताबिक, उसे रायबरेली जाना था, जिसके लिए वह गुरुवार तड़के करीब 4 बजे बैसवारा बिहार रेलवे स्टेशन जा रही थी। रास्ते में कुछ लोगों ने उसे घेर लिया और सिर पर डंडा मार दिया। साथ ही, उसके गले पर चाकू से वार किया गया। इसके बाद आरोपियों ने पीड़िता पर पेट्रोल छिड़क दिया और आग लगा दी।

बताया जा रहा है कि इस वारदात को 5 आरोपियों ने अंजाम दिया। इनमें से 3 को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, बाकी 2 की तलाश की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों की तलाश में कई जगह दबिश दी गई है। फिलहाल, उनका पता नहीं चला है।