कोरोना कहर: अब उज्जैन में भी कोरोना पॉजिटिव TI यशवंत पाल की मौत.. ड्यूटी के दौरान फैला था संक्रमण.. CM शिवराज ने जताया दुख.. परिवार को 50 लाख और बेटी को दी सरकारी नौकरी..

0
132

उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले से एक दुखद खबर है, यहां कोरोना वायरस के खिलाफ जारी जंग के बीच कोरोना पॉजिटिव नीलगंगा थाना प्रभारी यशवंत पाल की मौत हो गई। यशवंत पाल अंबर कॉलोनी कंटेनमेंट इलाके में ड्यूटी के दौरान कोरोना संक्रमित हुए थे। उनका इलाज इंदौर के अरविंदो अस्पताल में चल रहा था। आज सुबह पांच बजे उन्होंने आखिरी सांस ली। इससे पहले इंदौर के पुलिस इंस्पेक्टर देवेंद्र चंद्रवंशी की भी मौत हो चुकी है।

इससे पहले इंदौर में शनिवार देर रात जूनी थाना प्रभारी देवेन्द्र चंद्रवशी की कोरोना संक्रमण के कारण मौत हो गयी थी। उनकी ड्यूटी सीएए के खिलाफ चल रहे धरना स्थल पर लगी थी। हालांकि कोरोना संक्रमण के कारण 24 मार्च को धरना खत्म करा दिया गया था। उसके दो दिन बाद ही चंद्रवंशी की तबियत बिगड़ी और कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। हालांकि बाद की दोनों रिपोर्ट निगेटिव आयी थीं। इंदौर के एक और खजराना के थाना प्रभारी संतोष यादव अभी कोरोना संक्रमण के कारण अस्पताल में भर्ती हैं।

क्रिटिकल स्थिति में थे यशवंत पाल

नीलगंगा थाना प्रभारी यशवंत पाल पिछले 12 दिनों से अरविंदो हॉस्पिटल में एडमिट थे। हॉस्पिटल के चेयरमैन डॉक्टर विनोद भंडारी ने बताया कि यशवंत पाल जब से आए थे तभी से क्रिटिकल स्थिति में थे। उनकी कोरोना रिपोर्ट भी पॉजिटिव ही रही। मंगलवार सुबह साढ़ पांच बजे उनकी मौत हो गई। एडिशनल एसपी उज्जैन रूपेश कुमार द्विवेदी ने इस बात की पुष्टि की है। बताया कि यशवंत पाल के संपर्क में रहने वाले 12 पुलिसकर्मियों को माधवनगर अस्पताल क्वारंटाइ किया गया है। इसके अलावा यशवंत पाल का कोरोना रिजल्ट पॉजिटिव आने के बाद उनकी पत्नी और दोनों बेटियां को एक होटल में क्वारंटाइन किया गया।

ड्यूटी के दौरान फैला था संक्रमण

59 वर्षीय यशवंत पाल अंबर कॉलोनी कंटेनमेंट इलाके में ड्यूटी लगी थी। ये इलाका कोरोना संक्रमण के कारण कंटेनमेंट घोषित किया गया है। आशंका है कि वहीं ड्यूटी के दौरान उनमें संक्रमण फैला। तबियत ज़्यादा खराब होने के कारण यशवंत पाल को इंदौर के अरबिंदो अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया था। वहीं आज सुबह 5 बजकर 45 पर उन्होंने आखिरी सांस ली। स्व. यशवंत पाल की दो बेटियां हैं, जिनकी उम्र 22 और 20 साल है।

सीएम शिवराज सिंह चौहान ने जताया दु:ख

नीलगंगा थाना प्रभारी यशवंत पाल के निधन पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दु:ख व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘कोविड-19 से लड़ते हुए कर्तव्य की बलिवेदी पर प्राण त्याग देने वाले उज्जैन नीलगंगा के थाना प्रभारी स्वा. यशवंत पाल जी को विनम्र श्रद्धांजलि! ईश्वर उनकी पुण्य आत्मा को अपने चरणों में स्थान दें व शोकाकुल परिजनों को संबल प्रदान करें। हम सब उनके परिवार के साथ हैं।’

https://twitter.com/ChouhanShivraj/status/1252450178726072320

परिवार को 50 लाख और बेटी को दी सरकारी नौकरी

वहीं, दूसरे ट्वीट में लिखा, ‘दुख की इस घड़ी में दिवंगत यशवंत पाल जी के परिवार के साथ मैं वे पूरा प्रदेश खड़ा है। शोकाकुल परिवार को राज्य शासन की ओर से सुरक्षा कवच के रूप में 50 लाख रुपए, असाधारण पेंशन, बेटी फाल्गुनी को उपनिरीक्षक पद पर नियुक्ति व स्व.पाल को मरणोपरांत कर्मवीर पदक से सम्मानित किया जायेगा।’

अब तक 27 मरीज़

उज्जैन मध्य प्रदेश का तीसरा सबसे ज्यादा संक्रमित जिला है। यहां अब तक कोरोना के 27 मरीज़ों की पहचान हो चुकी है। इनमें से 7 की मौत हो गयी है और 4 मरीज़ स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं। प्रदेश के इंदौर और भोपाल संक्रमण के मामले में पहले और दूसरे नंबर पर हैं।