आरक्षक संवर्ग भर्ती प्रक्रिया: शारीरिक दक्षता परीक्षा रेंज स्तर पर 04 जनवरी से होगी शुरू.. मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आरक्षक भर्ती प्रक्रिया शीघ्र संपन्न कराने के दिये थे निर्देश..

0
100

रायपुर 06 नवम्बर 2020। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के निर्देश पर पुलिस मुख्यालय द्वारा आरक्षक संवर्ग भर्ती के लिए होने वाली शारीरिक दक्षता परीक्षा का तिथिवार कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री बघेल ने आरक्षक भर्ती प्रक्रिया शीघ्र संपन्न कराने के निर्देश दिये थे। पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी शेड्यूल में शारीरिक दक्षता परीक्षा 04 जनवरी 2021 से रेंज स्तर पर आयोजित किया जाना प्रस्तावित है। आरक्षक संवर्ग भर्ती प्रक्रिया की चयन सूची 20 फरवरी 2021 तक जारी की जायेगी।

डीजीपी डीएम अवस्थी द्वारा शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) का रेंज स्तर पर परीक्षा शेड्यूल जारी कर दिया गया है। डीजीपी डीएम अवस्थी ने बताया कि उक्त परीक्षा रेंज स्तर पर आईजी द्वारा गठित चयन समिति के माध्यम आयोजित की जायेगी। डीजीपी ने सभी रेंज आईजी को निर्देशित किया है कि शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान भारत सरकार एवं छत्तीसगढ़ शासन द्वारा समय-समय पर कोविड-19 महामारी संक्रमण की रोकथाम हेतु जारी दिशा निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करायें।
       

शेड्यूल के मुताबिक शारीरिक दक्षता परीक्षा का आयोजन रायपुर रेंज के 11 हजार 6 सौ 74 अभ्यर्थियों के लिये 04 जनवरी 2021 से 03 फरवरी 2021 तक, दुर्ग रेंज के 21 हजार 140 अभ्यर्थियों के लिये 04 जनवरी 2021 से 06 फरवरी 2021 तक, बिलासपुर रेंज के 5 हजार 649 अभ्यर्थियों के लिये 04 जनवरी 2021 से 16 जनवरी 2021 तक, सरगुजा रेंज के 3 हजार 588 अभ्यर्थियों के लिये 04 जनवरी 2021 से 12 जनवरी 2021 तक और बस्तर रेंज के 6 हजार 710 अभ्यर्थियों के लिये 04 जनवरी 2021 से 19 जनवरी 2021 तक किया जाना प्रस्तावित है। शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजन के पूर्व रेंज आईजी द्वारा प्रत्येक रेंज स्तर पर 14 नवम्बर 2020 तक भर्ती समिति का गठन किया जायेगा। रेंज स्तर पर 15 दिसम्बर 2020 तक अभ्यर्थियों के लिये दिवसवार चार्ट जारी किया जायेगा।

उल्लेखनीय है कि पुलिस मुख्यालय द्वारा आरक्षक संवर्ग की भर्ती प्रक्रिया के अन्तर्गत लिखित परीक्षा में शामिल उम्मीद्वारों हेतु संशोधित भर्ती नियम के तहत शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिये 100 मीटर दौड़, 800 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊॅंची कूद तथा गोला फेंक का आयोजन 01 अप्रैल 2020 से 25 अप्रैल 2020 तक किया जाना था। लेकिन कोरोना वायरस संक्रमण के कारण परिस्थितियों को देखते हुए 01 मई 2020 से आयोजन हेतु निर्देश दिये गये थे। पुनः लॉकडाउन एवं परिस्थितियां सामान्य नहीं होने के कारण शारीरिक दक्षता परीक्षा अग्रिम आदेश तक स्थगित की गई थी।