ब्रेकिंग: आज फिर प्रवासी मजदूरों के साथ दर्दनाक हादसा, मध्यप्रदेश में चार की मौत, बंगाल में 32 घायल..

0
132

नई दिल्ली 17 मई, 2020। कोरोना के कहर के बीच लॉकडाउन में फंसे मजदूरों की घर वापसी जारी है। इसी बीच मध्य प्रदेश में एक बड़ा हादसा हुआ, जहां एक टैंकर ने घर वापस जा रहे मजदूरों को रौंद दिया। इस घटना में चार मजदूरों की मौत हो गई। वहीं दूसरी ओर पश्चिम बंगला में भी मजदूरों के साथ एक बड़ा हादसा हुआ। जहां एक बस हादसे का शिकार हो गई। इस हादसे में 32 प्रवासी मजूदरों के घायल होने की खबर है।

जानकारी के मुताबिक चार मजदूर महाराष्ट्र से इंदौर लौट रहे थे। इसी बीच मध्य प्रदेश के बड़वानी में एक टैंकर ने उन्हें रौंद दिया। घटना के बाद चारों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मरने वालों में पति-पत्नी भी शामिल हैं। वहीं दूसरी ओर पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले के धुपगुड़ी में रविवार सुबह एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। जिसमें 32 प्रवासी मजदूर घायल हो गए। आनन-फानन में सभी को जलपाईगुड़ी जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया। स्थानीय प्रशासन के मुताबिक सभी मजदूरों को मामूली चोटें आईं थी, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।

औरैया में हुई थी 25 लोगों की मौत

लॉकडाउन के तीसरे चरण के ऐलान के बाद केंद्र सरकार ने मजदूरों को घर जाने की इजाजत दे दी थी। इसके लिए श्रमिक ट्रेनें चलाई गईं, जिनकी संख्या काफी कम है। ऐसे में मजदूर बस, ट्रक या पैदल ही घरों की ओर रवाना हो गए हैं। शुक्रवार को गाजियाबाद से गोरखपुर जा रही एक डीसीएम औरैया में हादसे का शिकार हो गई। इस घटना में 25 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कई मजदूर गंभीर रूप से घायल हैं।