ब्रेकिंग: 2 दिन में निपटा लें काम, 8 जनवरी को छत्तीसगढ़ समेत पूरे देश में हड़ताल पर रहेंगे बैंक कर्मचारी, ATM भी दे सकता है धोखा..

0
75

रायपुर। 8 जनवरी यानी बुधवार को अगर आपका कोई बैंक से संबंधित काम है तो वह लटक सकता है। बुधवार को बैंक कर्मचारी हड़ताल पर रह सकते हैं। दस केंद्रीय ट्रेड यूनियनों ने नरेंद्र मोदी सरकार की आर्थिक नीतियों के विरोध में 8 जनवरी को ‘भारत बंद’  का ऐलान किया है। इसको लेकर बैंक कर्मचारियों ने हड़ताल पर बैठने का फैसला किया है।

बैंक कर्मचारी और अधिकारियों के बैंक हड़ताल में शामिल होने से बैंकिंग सेवाओं पर काफी असर पड़ सकता है। बुधवार को बैंकों की कई शाखाएं बंद रह सकती हैं, क्योंकि बैंक यूनियनों ने कर्मचारियों को चाबियां स्वीकार नहीं करने को कहा है। इसको लेकर कई स्थानों पर एटीएम सेवाएं भी प्रभावित हो सकती हैं, लेकिन नेट बैंकिंग सामान्य रूप से कार्य करने की संभावना है। क्योंकि NEFT ऑनलाइन स्थानान्तरण अब 24×7 उपलब्ध है।

सेंट्रल बैंक एम्प्लाइज यूनियन के प्रदेश महासचिव व छ. ग. बैंक एम्प्लाइज एसोसिएशन के संगठन सचिव शक्ति सिंह ठाकुर ने बताया कि बीएसएनएल, रेलवे व कुछ अन्य राष्ट्रीय ट्रेड यूनियंस ने भी हड़ताल पर जाने का फैसला लिया है। बैंक की 6 प्रमुख कर्मचारी संगठन इस हड़ताल में शामिल रहेंगे जिनमे मुख्यतः AIBEA, AIBOA, BEFI, INBEF, INBOC, BMS शामिल हैं।

छ. ग. बैंक एम्प्लाइज एसोसिएशन कर्मचारी संगठनों की मांगें निम्न हैं-

  • नई पेंशन स्कीम को बंद कर पुरानी पेंशन स्कीम को लागू करना।
  • समस्त शासकीय व लोकसेवा क्षेत्रों में आउटसोर्सिंग बन्द कर पर्याप्त भर्ती की जाए।
  • कॉर्पोरेट ऋण खातों की वसूली के लिए ठोस कदम उठाए जाएं व सरकारी संरक्षण बन्द किया जाए।
  • सरकार द्वारा कामगार कानूनों में अनुचित बदलाव को रोका जाए।
  • बैंकों के विलय, व अन्य सेक्टर्स के निजीकरण को तत्काल रोका जाए।
  • त्वरित व सम्मानजनक वेतन समझौते को जल्द से जल्द लागू किया जाए।

वहीं भारत का सबसे बड़ा बैंक भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने बैंक हड़ताल का सेवाओं पर असर कम उम्मीद किया है जबिक बैंक ऑफ बड़ौदा को डर है कि हड़ताल से संचालन पर असर पड़ सकता है। एसबीआई ने एक स्टॉक एक्सचेंज फाइलिंग में कहा, “हड़ताल में भाग लेने वाले यूनियनों में हमारे बैंक कर्मचारियों की सदस्यता बहुत कम है, इसलिए बैंकों के ऑपरेशन पर हड़ताल का असर कम से कम होगा।”

बैंक ऑफ बड़ौदा ने कहा कि यह हड़ताल के दिन सुचारू कामकाज के लिए आवश्यक कदम उठा रहा है, लेकिन अगर हड़ताल में सुधार होता है, तो इसकी शाखाओं और कार्यालयों का कामकाज प्रभावित हो सकता है।

वहीं सरकारी क्षेत्र के सिंडिकेट बैंक (Syndicate Bank) ने शनिवार को कहा कि वह 8 जनवरी को श्रमिक संगठनों की प्रस्तावित हड़ताल के मद्देनजर अपने ऑपरेशन को सामान्य बनाए रखने के लिए जरूरी उपाय कर रहा है। बैंक ने बीएसई को बताया कि उसे ऑल इंडिया बैंक एम्पलाइज एसोसिएशन (AIBEA), बैंक एम्पलॉइज फेडरेशन ऑफ इंडिया (BEFI), इंडियन नेशनल बैंक एम्पलॉइज फेडरेशन (INBEF) और इंडियन नेशनल बैंक ऑफिसर्स कांग्रेस (INBOC) से प्रस्तावित एक दिवसीय आम हड़ताल के संबंध में नोटिस मिले हैं। बैंक ने कहा कि वह इसे देखते हुए ऑपरेशन को सामान्य बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठा रहा है, लेकिन इस कारण शाखाओं/दफ्तरों का कामकाज प्रभावित हो सकता है।