14 मार्च 2019, भिलाई। दुर्ग जिले में अपराध बढ़ रहा है। चोरी, लूट, हत्या और दुष्कर्म जैसे मामलों में अचानक बढ़ोत्तरी हुई है। जबकि यहां सीएम भूपेश बघेल, गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू समेत चार मंत्री रहते हैं। ये कहना है भिलाई भाजपा के पदाधिकारियों का। जिन्होंने एसपी प्रखर पांडेय से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा है। भाजपा पदाधिकारियों का कहना है कि, जिले में अचानक दुष्कर्म, हत्या, लूट, चोरी और गुंडागर्दी जैसे मामले बढ़ गए हैं। आए दिन इस तरह की वारदात जिले में हो रही है। उन्होंने मामले में पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर हस्तक्षेप करने की मांग की। इस दौरान भाजपा के महामंत्री खिलावन साहू, जिला उपाध्यक्ष संजय खन्ना, कोषाध्यक्ष अर्जुन सचदेवा, जिला मंत्री पुरुषोत्तम देवांगन, वैशालीनगर मंडल अध्यक्ष रामानंद मोर्या, निर्मला यादव, अजय जैन, राजेश्वरी रेड्डी, भरत गौर समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।