चिटफंड कंपनी ठगी मामले में भाजपा मंडल अध्यक्ष गिरफ्तार, गरमाई राजनीति, कांग्रेस ने पूर्व सीएम पर साधा निशाना, पूछा कौन है माफिया

0
543

राजनांदगांव। जिले के खैरागढ़ इलाके में दर्जनों ग्रामीणों से रकम दोगुनी करने का झांसा देकर लाखों रुपए की ठगी करने के मामले में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए खैरागढ़ भाजपा मंडल अध्यक्ष कमलेश कोठले समेत चार लोगों को हिरासत में लिया है। वहीं इस पूरे मामले का मास्टर माइंड तरूण साहू समेत तीन फरार हैं। गिरफ्तारी के विरोध को लेकर जिला पंचायत उपाध्यक्ष सहित कई भाजपाई थाने पहुंच गए। उन्होंने पुलिस कार्रवाई के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।

कांग्रेस ने साधा पूर्व मुख्यमंत्री पर निशाना

कांग्रेस प्रवक्ता विकास तिवारी ने भाजपा के खैरागढ़ मंडल अध्यक्ष की गिरफ्तार पर कहा कि चिटफंड के नाम पर न सिर्फ लोगों का पैसा हड़पा गया है बल्कि यह लंबे समय से लोगों के साथ ठगी का खेल चल रहा है। कमलेश तो एक उदाहरण मात्र है, जबकि पिछले 15 सालों में भारतीय जनता पार्टी सुनियोजित तरीके से चिटफंड माफिया बने हुए हैं। इनके आला नेता पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह व उनके परिजन, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह और उनके पूर्व मंत्री मंडल तमाम चिटफंड कंपनियों का उद्घाटन करते थे। सैकड़ों चिटफंड कंपनियां रमन शासन काल में दस हजार रुपए से ज्यादा पैसा छत्तीसगढ़ के आम लोगों से लूटकर ले गई है। भाजपा मंडल अध्यक्ष कमलेश की गिरफ्तारी से यह साबित होता है कि भारतीय जनता पार्टी चिटफंड माफिया बनी हुई है। कांग्रेस पार्टी भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश इकाई से यह सवाल पूछती है कि आखिर चिटफंड कंपनियों का माफिया कौन है, उसका नाम उजागर होना चाहिए।

चार लोगों को किया गिरफ्तार

खैरागढ़ के ग्रामीण इलाकों में करीब 10 साल के भीतर चिटफंड कंपनी के जरिए आरोपियों ने बड़ी रकम लोगों से ऐंठ ली है। रकम वापस करने की मियाद पूरी होने से पहले ही कंपनी ने अपना बोरिया-बिस्तर समेट लिया। लाखों रुपए का चपत लगने के बाद लोगों ने पुलिस में मामले की शिकायत की। आरोपियों के खिलाफ धारा 420, चिट फंड अधिनियम 3,4,5 और छग के निवेशकों के हितों के संरक्षण अधिनियम 10 के तहत नामजद सात में चार आरोपितों को हिरासत में लेकर विशेष न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।

कराया था अलग-अलग ब्याज दर पर पैसा जमा

मिली जानकारी के मुताबिक खैरागढ़ भाजपा मंडल अध्यक्ष कमलेश कोठले और उसके साथी तरूण साहू (अर्जुन्दा बालोद), राजकुमार साहू (खैरागढ़), चम्मनदास साहू (अर्जुन्दा बालोद), सत्यपाल वर्मा (चीचा दुर्ग), रंजीत सोनकर (बालाघाट), राजेन्द्र स्वान्सी (रांची) ने सर्वोदय मल्टीट्रेड लिमिटेड कंपनी के अधीन माईक्रो इन्वेसमेंट का डायरेक्टर बनकर खैरागढ़ क्षेत्र में लोगों से मासिक, छैमासी, सालाना, पांच वर्ष तथा 15 वर्ष के लिए अलग-अलग ब्याज दरों पर रकम जमा कराया।

थानेदार से हुई कहासुनी

शिकायत आवेदन में फौरी कार्रवाई करते हुए शहर मंडल अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष नगरपालिका व पार्षद वार्ड नं 14 सोनेसरार कमलेश कोठले की गिरफ्तारी से नाराज प्रदेश भाजयुमो उपाध्यक्ष व जिपं उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, जिला पंचायत सदस्य व सभापति धम्मन साहू, वीरेंद्र जैन, नपा उपाध्यक्ष रामाधार रजक, प्रकाश ठाकुर, नित्यप्रकाश सिंह, सूर्यदमन सिंह, आशीष सिंह, सहित पचास से ज्यादा मंडल और भाजयुमो के कार्यकर्ता थाने पहुंचे ,जहां थाना प्रभारी लोमेश सोनवानी के साथ जमकर कहासुनी हुई, जिपं उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार के इशारे पर भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ चुन-चुनकर कारवाई की जा रही है।

इस संबंध में खैरागढ़ एसडीओपी जीसी पति ने कहा कि मंडल अध्यक्ष कोठले समेत 4 को फिलहाल हिरासत में लिया गया। तीन अन्य आरोपी की खोजबीन की जा रही है। पूरे मामले का पर्दाफाश होने के बाद पुलिस डायरेक्टरों की पृष्ठभूमि को लेकर जानकारी जुटा रही है।