गारबेज फ्री सिटी अंबिकापुर को 5 स्टार रेटिंग.. भिलाई नगर, पाटन को दी गई 3 स्टार रेटिंग.. लिस्ट से रायपुर सिटी गायब.. केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने की घोषणा..

0
124

रायपुर/नईदिल्ली। स्वच्छता के मामले में छत्तीसगढ के अम्बिकापुर शहर ने एक बार फिर पूरे देश में नाम रौशन किया है। राष्ट्रीय स्वच्छता सर्वेक्षण की नई रिपोर्ट में पांच स्टार रेटिंग के साथ अम्बिकापुर को इस सूची में पहले स्थान पर जगह मिली है। केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कचरा मुक्त स्टार रेटिंग के रिजल्ट की घोषणा की जिसमें छत्तीसगढ का अम्बिकापुर शहर पहले स्थान पर है। इससे पहले पिछले की रेटिंग में अम्बिकापुर को देश में दूसरा स्थान मिला था। मध्यप्रदेश का इंदौर शहर पिछले वर्ष इस सूची में पहले पायदान पर था। पांच स्टार रेटिंग पाने वाले देश के सबसे स्वच्छ शहरों में गुजरात से राजकोट, कर्नाटक से मैसूर, मध्यप्रदेश से इंदौर और महाराष्ट्र से नवी मुंबई शामिल हैं।

अम्बिकापुर के महिला स्व सहायता समूह द्वारा डोर-टू-डोर गारबेज कलेक्शन का काम किया जाता है। इसके साथ ही यहां बडे पैमाने पर शहर से रोजाना निकलने वाले कचरे को रीसाइकिल किया जाता है। कचरा संग्रहण और पुनरचक्रण की इस प्रणाली की पूरे देश सहित दुनियाभर में तारीफ हुई है और अब अम्बिकापुर नगर निगम की तर्ज पर छत्तीसगढ के बाकी नगर निगमों में भी इस प्रणाली को लागू किया गया है।

इसके साथ ही अम्बिकापुर शहर ने ठोस अपशिष्ठ प्रबंधन के अलावा वेस्ट वाटर के पुनरचक्रण की भी प्रणाली विकसित की है। यहां बडे पैमाने पर ड्रेनेज वाटर को शुद्ध कर वापस उपयोग के योग्य बनाया जा रहा है। अम्बिकापुर शहर की इस उपलब्धी ने पूरे छत्तीसगढ राज्य को गौरवान्वित किया है।

केंद्रीय शहरी मंत्रालयों की इस सूची में 5 स्टार के अतिरिक्त 3 और 1 स्टार की भी रैंकिंग जारी की गई है। खास बात यह है कि इस रैंकिंग में छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर को कहीं जगह नहीं मिली है। जबकि रायपुर की सफाई व्यवस्था को लेकर कागजों पर तमाम योजनाएं दौड़ रही हैं, लेकिन अभी तक गीला-सूखा कचरा तक अलग नहीं कर सके हैं। प्रदेश के 9 शहरी क्षेत्र ऐसे हैं जिन्हें 3 स्टार रेटिंग दी गई है। जबकि कचरा मुक्त नगरीय क्षेत्रों में 5 को एक स्टार की ही रेटिंग मिली है। 

3 स्टार रेटिंग

  • बारसूर (दंतेवाड़ा)
  • भिलाई नगर
  • बिलासपुर
  • जशपुर नगर
  • नरहरपुर (कांकेर)
  • पाटन (दुर्ग)
  • रायगढ़
  • राजनांदगांव
  • सरगांवा (मुंगेली)

1 स्टार रेटिंग

  • बरमकेला (रायगढ़)
  • बेरला (बेमेतरा)
  • चिखलाकसा (बालोद)
  • कटघोरा (कोरबा)
  • पंखाजूर (कांकेर)